फॉण्ट कनवर्टर NEW

चैनपुर में देर रात बड़ा हादसा, कच्चे घर की छत गिरने से दो लोग घायल

चैनपुर (गुमला): लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने चैनपुर प्रखंड के बेंदोरा पंचायत अंतर्गत बसईरटोली गांव में एक परिवार की जिंदगी को संकट में डाल दिया। शुक्रवार देर रात करीब दो बजे एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में 65 वर्षीय

अपनी भाषा में पढ़ें

चैनपुर (गुमला): लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने चैनपुर प्रखंड के बेंदोरा पंचायत अंतर्गत बसईरटोली गांव में एक परिवार की जिंदगी को संकट में डाल दिया। शुक्रवार देर रात करीब दो बजे एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में 65 वर्षीय टेनी देवी और उनके नाती रितिक रौतिया गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं घर में रखा अनाज, कपड़े और अन्य घरेलू सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया।

परिजनों के अनुसार हादसे के समय पूरा परिवार घर के अंदर सो रहा था। लगातार बारिश के कारण कच्ची दीवार कमजोर होकर बैठ गई, जिससे छत को सहारा देने वाली लकड़ी की बल्लियां टूट गईं और पूरी छत परिवार के ऊपर आ गिरी। उस समय घर में चार लोग मौजूद थे।

मलबे में दबने से टेनी देवी (पति परसातन रौतिया) तथा उनके नाती रितिक रौतिया (पिता सुदामा रौतिया) गंभीर रूप से घायल हो गए। रितिक के सिर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि टेनी देवी के सिर पर गहरी चोट लगी है। हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला।

ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बेंदोरा पंचायत के मुखिया सुशील दीपक मिंज शनिवार सुबह पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

इधर, घायल महिला की बेटी प्रमिला कुमारी ने प्रशासन पर नाराजगी जताते हुए कहा कि परिवार को अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिला है। उनका कहना है कि यदि समय रहते पक्का मकान मिला होता तो यह हादसा टाला जा सकता था। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल मुआवजा, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ और शीघ्र पुनर्वास सुनिश्चित करने की मांग की है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram