अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Adityapur news: सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित आसंगी चेक डैम में डूबे दूसरे स्कूली छात्र का शव रविवार सुबह बरामद कर लिया गया। इसके साथ ही इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले दोनों छात्रों के शव मिल चुके हैं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब एक बजे कल्पनापुरी निवासी उत्सव राज और एस-टाइप निवासी लव आसंगी चेक डैम में स्नान करने गए थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना की सूचना मिलने पर आरआईटी थाना पुलिस, स्थानीय गोताखोर और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं खोज अभियान शुरू किया गया।
काफी मशक्कत के बाद शनिवार शाम लव का शव बरामद कर लिया गया था, जबकि उत्सव राज का कोई पता नहीं चल सका। देर शाम तक चले अभियान के बाद अंधेरा होने के कारण तलाश रोक दी गई।
रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने चेक डैम में एक शव पानी में तैरता देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। शव की पहचान उत्सव राज के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।दो स्कूली छात्रों की असमय मौत से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

