अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। रनिया थाना क्षेत्र के बांगुरकुलम झोराटोली में दो सगे पोतों ने अपनी 69 वर्षीय बुजुर्ग दादी, पुटकी देवी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को छुपाने के लिए आरोपियों ने शव को प्लास्टिक के बोरे में भरा और कोयल नदी के किनारे झाड़ियों में ले जाकर छिपा दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपी पोतों, सोनू झोरा और जतरू झोरा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना 12 जून की शाम करीब सात बजे की है। उस वक्त पुटकी देवी का बेटा और बहू हाटिंगहोड़े के साप्ताहिक हाट (बाजार) गए हुए थे। घर में बुजुर्ग महिला और उनके दोनों पोते अकेले थे। इसी बीच आंगन में किसी बात को लेकर उनके बीच तीखी बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पोतों ने तैश में आकर अपनी दादी को जोर से धक्का दे दिया। गिरने के कारण वृद्धा के सिर पर गंभीर चोट आई और अत्यधिक खून बह जाने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
दादी की मौत से घबराने के बजाय दोनों पोतों ने शातिर दिमाग लगाया। उन्होंने शव को बोरे में बंद कर ठिकाने लगाया और आंगन में फैले खून के निशानों को मिटाने के लिए उसे गोबर से लीप दिया। देर शाम जब माता-पिता हाट से लौटे, तो मां को न पाकर और आंगन में गोबर की लीपापोती देख उन्हें अनहोनी का शक हुआ। गांव में कानाफूसी बढ़ने पर 14 जून को मृतका के बेटे ने रनिया थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी श्यामल कुम्भकार के नेतृत्व में पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर नदी किनारे से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

