अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi: झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए आगामी 18 जून को होने वाले द्विवार्षिक चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। सूबे के सत्तारूढ़ इंडिया ब्लॉक (India Block) के उम्मीदवारों ने सोमवार को विधानसभा पहुंचकर अपना-अपना नामांकन दाखिल कर दिया। झामुमो (JMM) प्रत्याशी बैजनाथ राम और कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा ने गठबंधन के शीर्ष नेताओं और विधायकों की भारी मौजूदगी के बीच अपने नामांकन पत्र सौंपे।
Read more: राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस का बड़ा दांव, कर्नाटक से दिल्ली जाएंगे ये दिग्गज!
इस अहम मौके पर सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षक व छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत राज्य सरकार के कई मंत्री, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राजद के विधायक विशेष रूप से उपस्थित रहे।
नामांकन के दौरान सत्ताधारी गठबंधन ने जबरदस्त एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए दोनों ही सीटों पर अपनी जीत का दावा एक बार फिर दोहराया है। पर्चा दाखिल करने से पहले गठबंधन के तमाम बड़े नेता और विधायक एक साथ लावलश्कर के साथ विधानसभा परिसर पहुंचे। राजनीतिक विश्लेषक इसे राज्यसभा चुनाव से ठीक पहले गठबंधन का एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन और विधायकों की अटूट एकजुटता का संदेश देने की सोची-समझी रणनीति के रूप में देख रहे हैं।
गौरतलब है कि राज्यसभा चुनाव को लेकर पिछले कुछ दिनों से सत्तारूढ़ गठबंधन के भीतर टिकट बंटवारे और उम्मीदवार के चयन को लेकर अंदरूनी मतभेद और कई तरह की चर्चाएं खुलकर सामने आई थीं। कांग्रेस द्वारा अपना प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद झामुमो के कुछ स्थानीय नेताओं ने दोनों ही सीटों पर अपनी पार्टी का मजबूत दावा ठोक दिया था। हालांकि, बाद में शीर्ष स्तर पर नेताओं के बीच हुई मैराथन बातचीत के बाद गठबंधन ने साझा रणनीति तैयार की और दोनों दलों के एक-एक प्रत्याशी के नाम पर अंतिम सहमति बन गई।
इससे पहले रविवार को मुख्यमंत्री आवास पर हुई गठबंधन के विधायकों की हाई-लेवल बैठक में भी बैजनाथ राम और प्रणव झा को संयुक्त रूप से पूरा समर्थन देने का फैसला लिया गया था। बैठक खत्म होने के बाद गठबंधन के बड़े नेताओं ने दावा किया था कि उनके पाले में दोनों सीटों पर क्लीन स्वीप करने के लिए जरूरी संख्या बल पूरी तरह मौजूद है। झामुमो और कांग्रेस के रणनीतिकारों का साफ कहना है कि गठबंधन के सभी विधायक चट्टान की तरह एक साथ खड़े हैं और चुनाव में किसी भी तरह की क्रॉस वोटिंग होने की रत्ती भर भी आशंका नहीं है।
Read more: राज्यसभा चुनाव: दो तिहाई बहुमत से महज 15 सांसद दूर है एनडीए!
दूसरी तरफ, मुख्य विपक्षी दल भाजपा समर्थित उम्मीदवार परिमल नथवानी भी भारतीय जनता पार्टी और सहयोगी दलों के विधायकों के साथ अपना नामांकन दर्ज कराने विधानसभा पहुंच चुके हैं। आपको बता दें कि झारखंड की इन दोनों राज्यसभा सीटों पर 18 जून को सुबह से वोट डाले जाएंगे और इसी दिन शाम को मतगणना के बाद अंतिम परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

