अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Koderma news: झारखण्ड और बिहार के बीच रेल यात्रा को नया आयाम देने की तैयारी शुरू हो गई है। यह क्षेत्र की तस्वीर बदल सकती है। कोडरमा के रास्ते रेलखंड पर अमृत भारत एक्सप्रेस की तर्ज पर आधुनिक सुविधाओं से लैस मिनी कोच पैसेंजर ट्रेन चलाने की योजना बनाई जा रही है। यह ट्रेन 12 कोचों के साथ मेनलाइन इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट (मेमू) सेवा के रूप में संचालित हो सकती है। रेलवे की इस योजना के तहत पटना, गया और धनबाद जैसे प्रमुख शहरों को तेज और आधुनिक पैसेंजर सेवा से जोड़ा जाएगा।
यह ट्रेन पारंपरिक पैसेंजर ट्रेनों से अलग होगी, क्योंकि इसमें मिनी कोच का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे ट्रेन हल्की होगी और अधिक गति से चल सकेगी। गया-पटना के बीच पहले से 12 कोच वाली मेमू सेवा के सफल संचालन को देखते हुए अब इसे कोडरमा के रास्ते धनबाद तक विस्तार देने की तैयारी है। अमृत भारत एक्सप्रेस जैसी सुविधाएं प्रस्तावित ट्रेन में यात्रियों को बेहतर सीटिंग अरेंजमेंट, आकर्षक और ऊर्जा दक्ष एलईडी लाइटिंग, साफ-सुथरे और सुव्यवस्थित कोच की सुविधा मिलेगी। कोच के डिजाइन में वेंटिलेशन और स्पेस का विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि भीड़ के बावजूद सफर आरामदायक बना रहे।
मेमू तकनीक पर आधारित इस ट्रेन में अलग से इंजन नहीं होता, बल्कि पूरे रैक में पावर डिस्ट्रीब्यूट रहती है। इससे ट्रेन तेजी से गति पकड़ती और रुकती है, जिससे कम दूरी के बीच अधिक स्टेशनों पर कुशल संचालन संभव हो पाता है। इससे यात्रा समय में भी कमी आएगी। मालूम हो कि कोडरमा से अभी हजारीबाग टाउन बडकाकाना तथा कोडरमा कोवार मधुपुर तक पारंपारिक रेक कोच की ट्रेन का संचालन हो रहा है।

