फॉण्ट कनवर्टर NEW

सड़क निर्माण रोकने की साजिश? आनंदपुर में हाईवा फूंके जाने से दहशत

Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सुदूरवर्ती आनंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रोबोकेरा इलाके में सोमवार की देर रात अज्ञात अपराधियों ने सड़क निर्माण कार्य को बाधित करने के उद्देश्य से बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अपराधियों ने निर्माण स्थल पर खड़े एक हाईवा वाहन में आग

अपनी भाषा में पढ़ें

Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सुदूरवर्ती आनंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रोबोकेरा इलाके में सोमवार की देर रात अज्ञात अपराधियों ने सड़क निर्माण कार्य को बाधित करने के उद्देश्य से बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अपराधियों ने निर्माण स्थल पर खड़े एक हाईवा वाहन में आग लगा दी, जिससे वाहन का अधिकांश हिस्सा जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं मंगलवार सुबह सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया।

जानकारी के अनुसार, भालडुंगी चौक से साड़ीबा तक लगभग 22 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। सोमवार देर रात करीब एक बजे हथियारबंद अज्ञात अपराधी निर्माण स्थल पर पहुंचे और वहां खड़े हाईवा में पेट्रोल या ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और हाईवा धू-धू कर जलने लगा। रात का समय और इलाका सुदूरवर्ती होने के कारण मौके पर मौजूद मजदूर कुछ कर पाने में असमर्थ रहे और अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि उक्त सड़क निर्माण कार्य रांची स्थित वैष्णवी कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा कराया जा रहा है, जिसके मालिक नीरज सिंह हैं। घटना के समय वाहन निर्माण स्थल पर खड़ा था और कार्य अस्थायी रूप से बंद था। आगजनी की सूचना मिलते ही कंपनी के प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन किया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार वाहन को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही आनंदपुर थाना प्रभारी प्रिंस झा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने जले हुए वाहन का निरीक्षण किया, आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाए और निर्माण कार्य में लगे कर्मियों से पूछताछ की। थाना प्रभारी प्रिंस झा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में असामाजिक तत्वों की संलिप्तता की आशंका है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद सड़क निर्माण से जुड़े ठेकेदारों और मजदूरों में भय का माहौल व्याप्त है। क्षेत्र में पहले भी विकास कार्यों को रोकने, लेवी वसूली या दहशत फैलाने के उद्देश्य से इस तरह की घटनाएं सामने आती रही हैं। पुलिस इस बात की भी गंभीरता से जांच कर रही है कि कहीं इस आगजनी के पीछे किसी प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन की भूमिका तो नहीं है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram