अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिला के धालभूमगढ़ प्रखंड अंतर्गत एनएच-18 पर चोइरा इलाके में मंगलवार सुबह एक ट्रैवलर गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटनाग्रस्त वाहन का नंबर ओडी01एई0040 बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रैवलर गाड़ी टूर पर निकली थी और यात्रा पूरी कर वापस लौट रही थी, इसी दौरान यह हादसा हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सड़क किनारे खड़ा एक ट्रेलर अचानक पीछे की ओर आ गया, जिससे पीछे से आ रही ट्रैवलर उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैवलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद वाहन में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित रहे और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
घटना में कुछ यात्रियों को हल्की-फुल्की चोटें आईं, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए एनएच-18 पर यातायात बाधित हो गया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और यात्रियों की मदद की। बाद में पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात को सामान्य कराया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा स्थिति गंभीर हो सकती थी।

