अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
रांची। राजधानी रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र में जमीन और पैसे के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शुक्रवार की रात करीब 9 बजे राजधानी मान्या टावर के पास पिस्का मोड़ तेल मिल गली में दो गुटों के बीच जमकर गोलीबारी हुई, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार, 17 जनवरी की दोपहर करीब 1 बजे जमीन के बंटवारे और लेन-देन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इस विवाद में आकाश सिंह और विकास सिंह का एक गुट तथा संजय पांडेय, रवि यादव और आशु साव उर्फ बबलू साव का दूसरा गुट आमने-सामने आ गया। शाम को बातचीत के बहाने दोनों पक्ष पिस्का मोड़ के पास जुटे, लेकिन देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक झड़प का रूप ले लिया।
इसी दौरान संजय पांडेय, रवि यादव और आशु साव के गुट ने फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में आकाश सिंह के दाहिने हाथ में गोली लगी, जबकि विकास सिंह को सीने और बाएं बांह में गोली लगी। वहीं, रवि यादव भी फायरिंग के दौरान घायल हुआ, जिसे बाएं हाथ और मुंह के पास गोली लगी। घायलों को तत्काल रिम्स और ऑर्किड अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पंडरा ओपी और सुखदेवनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। घटनास्थल से एक देसी कट्टा, एक जिंदा गोली, सात खोखे, तीन पिलेट और एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में संजय पांडेय, आशु साव उर्फ बबलू साव, जुबैर खान उर्फ अजू, संतोष कुमार गुप्ता उर्फ बाबू, पप्पू साव और रोहित पांडेय शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, संजय पांडेय का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं।
इस मामले में पंडरा ओपी कांड संख्या 23/26 के तहत आर्म्स एक्ट सहित गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में गठित टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है।

