अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jamshedpur: बीते पांच दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता उद्यमी पुत्र कैरव गांधी का अब तक कोई सुराग नहीं मिलने से उनके परिजनों की चिंता गहराती जा रही है। इस मामले को लेकर रविवार को झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो बिष्टुपुर स्थित सीएच एरिया में कैरव गांधी के आवास पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
परिजनों से बातचीत के दौरान सुदेश कुमार महतो ने हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने झारखंड की कानून-व्यवस्था पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सिर्फ जमशेदपुर ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य में विधि-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि जब राज्य में व्यापारी और उद्यमी सुरक्षित नहीं हैं, तो मुख्यमंत्री विदेश जाकर निवेशकों को झारखंड में निवेश के लिए क्या भरोसा देंगे।
इस खबर को भी पढ़ें : गौरव गांधी अपहरण कांड से मचा हड़कंप, सरयू राय ने सरकार को घेरा
सुदेश महतो ने कहा कि राज्य में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे व्यवसायी वर्ग, उद्यमी और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। कैरव गांधी के लापता हुए पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अब तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। यह स्थिति बेहद गंभीर और चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि एक प्रतिष्ठित उद्यमी परिवार के युवक का इस तरह लापता होना और समय रहते पुलिस द्वारा कोई ठोस सुराग न जुटा पाना, प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। यह सीधे तौर पर प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है।
इस खबर को भी पढ़ें : बिष्टुपुर पहुंचे रक्षा राज्य मंत्री: कैरव गांधी केस पर भड़के, सरकार पर उठाए सवाल
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और पुलिस से मांग की कि इस मामले में तेजी लाते हुए कैरव गांधी को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद किया जाए और पूरे घटनाक्रम की सच्चाई जनता के सामने लाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस शीघ्र ही इस मामले में किसी निष्कर्ष तक नहीं पहुंचती है, तो आजसू पार्टी जनहित में आंदोलन करने को बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
सुदेश महतो ने कहा कि राज्य सरकार अपराध नियंत्रण में पूरी तरह असफल साबित हो रही है। यदि समय रहते सख्त और प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो हालात और भी भयावह हो सकते हैं। कैरव गांधी की गुमशुदगी ने एक बार फिर झारखंड में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है।
इस खबर को भी पढ़ें : अपहरण से कांपा व्यापारिक जगत: कैरव गांधी मामले में जदयू की सख्त मांग

