फॉण्ट कनवर्टर NEW

एनएच-33 पर मौत का तांडव: टुसू मेला से लौटती वैन डिवाइडर पर चढ़ी, बच्ची की मौत

Jamshedpur news: एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत देवघर के पास एनएच-33 पर गुरुवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। टुसू मेला देखकर लौट रहे ग्रामीणों से भरी एक तेज रफ्तार 407 वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर पर चढ़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur news: एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत देवघर के पास एनएच-33 पर गुरुवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। टुसू मेला देखकर लौट रहे ग्रामीणों से भरी एक तेज रफ्तार 407 वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर पर चढ़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में सवार लोग उछलकर सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रही एक पार्सल वैन ने भी 407 वाहन में टक्कर मार दी, जिससे हादसे की भयावहता और बढ़ गई। इस दुर्घटना में छह वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि महिलाओं और बच्चों समेत 20 से अधिक लोग घायल हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 407 वाहन संख्या बीआर-16जी-9151 पर तुड़ियाबेड़ा गांव के 30 से अधिक लोग सवार थे, जो सिमुलडांगा में आयोजित टुसू मेला देखकर देर रात अपने गांव लौट रहे थे। वाहन की क्षमता मात्र 20 यात्रियों की बताई जा रही है, इसके बावजूद उसमें अधिक लोगों को बैठाया गया था। एनएच-33 पर देवघर के पास पहुंचते ही वाहन असंतुलित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। झटके से सवार यात्री सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रही पार्सल वैन संख्या जेएच-05एभी-0939 ने 407 में टक्कर मार दी।

हादसे में तुड़ियाबेड़ा गांव की रहने वाली छह वर्षीय बच्ची विनीता मुंदिया की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। उसे अन्य घायलों के साथ एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दुर्घटना में बच्ची की मां सीता मुंदिया, पिता लखन मुंदिया समेत 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों में बच्चों की संख्या अधिक बताई जा रही है। सभी मृतक व घायल तुड़ियाबेड़ा गांव के निवासी हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही जिला पार्षद प्रतिनिधि पिंटू दत्ता मौके पर पहुंचे और एमजीएम थाना पुलिस को जानकारी दी। उनके सहयोग से पुलिस वाहन और निजी साधनों के माध्यम से घायलों को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक तौर पर अस्पताल में चिकित्सकों की संख्या कम होने के कारण इलाज में कुछ देर हुई, जिसके बाद जनप्रतिनिधियों की पहल पर अतिरिक्त डॉक्टरों को बुलाया गया और इलाज की व्यवस्था तेज की गई।

घटना के बाद पार्सल वैन का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए, जबकि 407 वाहन का चालक राजेश इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा, लेकिन कुछ देर बाद वह भी वहां से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है।

एमजीएम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram