अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : राष्ट्रीय युवा दिवस और स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर लोक भवन स्थित बिरसा मंडप में झारखंड राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के निर्देश पर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, झारखंड शाखा द्वारा भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 406 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत राज्यपाल द्वारा स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। उन्होंने कहा कि विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं को राष्ट्र निर्माण और सेवा-भाव के लिए प्रेरित करते हैं।
राज्यपाल ने रक्तदान को सर्वोच्च और पुनीत कार्य बताते हुए कहा कि समय पर रक्त न मिलने से कई जिंदगियां संकट में पड़ जाती हैं, इसलिए रक्तदान को जन-आंदोलन का स्वरूप देना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि रक्तदान को केवल एक दिवस का कार्यक्रम न मानकर जीवनभर की जिम्मेदारी के रूप में अपनाएं। यदि प्रत्येक स्वस्थ युवा वर्ष में तीन बार रक्तदान करे, तो राज्य में रक्त की कमी नहीं रहेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि झारखंड रेड क्रॉस सोसाइटी को सक्रिय रूप दिया गया है और विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में नियमित रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी, वरिष्ठ अधिकारी, स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। राज्यपाल ने सभी 406 रक्तदाताओं को बधाई देते हुए आभार व्यक्त किया और संकल्प लिया कि राज्य में कोई भी व्यक्ति रक्त के अभाव में जान न गंवाए।

