अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : नगर निगम प्रशासन ने बाबा वेजिटेबल मार्केट क्षेत्र में ट्रैफिक जाम, अनियमित पार्किंग और अव्यवस्थित भीड़ की लगातार शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए महत्वपूर्ण कदम उठाया है। निगम की प्रशासनिक टीम ने आज स्थल का निरीक्षण कर मार्केट परिसर में निगम भूमि पर पार्किंग स्टैंड की औपचारिक स्थापना की घोषणा की। इस व्यवस्था से क्षेत्र में लंबे समय से बनी जाम की समस्या और बेढंगी पार्किंग से होने वाली परेशानियों में कमी आने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान सहायक प्रशासक और पुलिस पदाधिकारियों ने सभी वाहन चालकों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि मुख्य सड़कों एवं मार्गों पर वाहन खड़ा न करें तथा निर्धारित पार्किंग स्टैंड का ही उपयोग करें। आदेश का उल्लंघन करने वालों पर आर्थिक दंड एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, अवैध ठेला-गाड़ी या अतिक्रमण के विरुद्ध भी विशेष अभियान चलाने की बात कही गई।
नगर निगम ने स्थानीय लोगों और दुकानदारों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि मार्केट क्षेत्र को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम बनाना सबकी साझा जिम्मेदारी है। नई पार्किंग व्यवस्था लागू होने से भीड़भाड़ में कमी आएगी और खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को आसानी से यातायात सुविधा मिल सकेगी। निरीक्षण के दौरान नगर निगम अधिकारी और पार्किंग संचालक उपस्थित रहे।

