अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : वर्ष 2026 का पहला ट्रैप केस दर्ज करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को पुलिस अवर निरीक्षक श्याम नन्दन पासवान को 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई पीड़ित परिवादी की शिकायत के बाद की गई, जिसने रिश्वत मांगने की पूरी कहानी एसीबी को बताई थी।
मामला बेड़ो थाना क्षेत्र से जुड़ा है। परिवादी के Tata LPT चौदह चक्का ट्रक का एमवीआई जांच रिपोर्ट भेजने के लिए आरोपी पुलिस अधिकारी द्वारा 50,000 रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी। परिवादी ने स्पष्ट कर दिया कि वह रिश्वत देकर काम नहीं कराना चाहता। इसके बावजूद आरोपी अवर निरीक्षक बार–बार फोन कर थाना बुला रहा था और अलग-अलग तरीकों से पैसे की मांग कर रहा था। इससे परेशान होकर परिवादी ने शिकायत एसीबी, रांची को सौंपी।
एसीबी ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सत्यापन की प्रक्रिया शुरू की। सत्यापन के दौरान यह सिद्ध हो गया कि आरोपी अधिकारी वास्तव में रिश्वत की मांग कर रहा था। इसके बाद एसीबी की टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। योजना के तहत 9 जनवरी 2026 को बेड़ो थाना परिसर में आरोपी पुलिस अवर निरीक्षक श्याम नन्दन पासवान को 10,000 रुपये रिश्वत लेते ही दबोच लिया गया। उसके पास से रिश्वत की राशि बरामद की गई और मौके पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले में बेड़ो थाना कांड संख्या – 02/2026, दिनांक 07.01.2026 के तहत भष्टाचार निवारण अधिनियम 2018 की धारा 7(ए) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। एसीबी की इस त्वरित कार्रवाई से आम नागरिकों को राहत मिली है। वहीं सरकारी तंत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा संदेश भी गया है। बताया जाता है कि आमलोग आरोपी पुलिस अवर निरीक्षक श्याम नन्दन पासवान की घुसखोरी से काफी परेशान थे लेकिन डर से वह शिकायत नहीं कर पा रहे थे।
एसीबी का यह ऑपरेशन वर्ष 2026 का पहला ट्रैप केस होने के कारण विशेष महत्व रखता है। इससे यह स्पष्ट होता है कि राज्य में रिश्वतखोरी एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जाएगा और शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

