अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज लोक भवन स्थित बिरसा मंडप में न्यायमूर्ति महेश शरदचंद्र सोनक को झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के पद की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ, जिसमें राज्य के शीर्ष संवैधानिक पदाधिकारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
शपथ ग्रहण के उपरांत राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने मुख्य न्यायाधीश महेश शरदचंद्र सोनक को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं और न्यायपालिका के सुदृढ़ीकरण एवं न्याय के सुगम वितरण की दिशा में उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
कार्यक्रम में माननीय केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, मंत्री राधा कृष्ण किशोर, मंत्री दीपिका पांडे सिंह, विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो सहित झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीशगण, भारतीय प्रशासनिक एवं पुलिस सेवा के वरीय अधिकारी, उच्च न्यायालय के पदाधिकारी और वरीय अधिवक्ता भी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान राज्य में न्यायिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने की उम्मीदें व्यक्त की गईं।

