अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) ने सोमवार को छात्र हितों की अनदेखी के आरोप में रांची विश्वविद्यालय परिसर में तालाबंदी कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस आंदोलन में रांची विश्वविद्यालय से संबद्ध फॉरेंस कॉलेज, इरबा के बैचलर ऑफ मेडिकल लेबोरेट्री टेक्नोलॉजी (BMLT) सत्र 2023–27 के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में शामिल हुए।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने आरोप लगाया कि कॉलेज में अब तक प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा तो ली जा चुकी है, लेकिन उसका परिणाम जारी नहीं किया गया है। सत्र अत्यधिक विलंब से चलने के कारण छात्रों का रजिस्ट्रेशन फेल होने की स्थिति बन गई है, जिससे उनका शैक्षणिक भविष्य खतरे में पड़ गया है। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि कॉलेज प्रबंधन और प्राचार्य द्वारा उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है और उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जाता।
छात्रों के समर्थन में आजसू नेताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और छात्र विरोधी रवैये का आरोप लगाया। तालाबंदी की सूचना मिलते ही रांची विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक, प्रॉक्टर तथा कॉलेज प्रबंधन के प्रतिनिधि धरना स्थल पर पहुंचे और आजसू नेताओं एवं छात्रों से वार्ता की। बातचीत के दौरान सभी पक्षों ने सत्र विलंब, परीक्षा परिणाम, रजिस्ट्रेशन और कथित दुर्व्यवहार जैसे मुद्दों को गंभीरता से सुना।
विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रबंधन की ओर से जल्द समाधान का आश्वासन दिया गया तथा भविष्य में छात्र हित में कार्य करने की बात कही गई। आश्वासन के बाद आजसू ने तालाबंदी समाप्त कर आंदोलन स्थगित कर दिया।
इस प्रदर्शन में आजसू के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो, वरीय उपाध्यक्ष ऋतुराज शहदेव सहित प्रताप सिंह, अमन साहू, रवि रोशन, योगेश महतो और अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

