अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : वरीय पुलिस अधीक्षक रांची एवं पुलिस अधीक्षक नगर रांची के निर्देश पर पंडरा ओपी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी और गृहभेदन की घटनाओं का सफल उद्भेदन किया है। पुलिस उपाधीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में गठित छापामारी टीम ने बाजार समिति क्षेत्र के दुकानों और घरों में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, सुखदेवनगर (पंडरा ओपी) थाना कांड संख्या 642/25, दिनांक 6 दिसंबर 2025 को दर्ज मामले में धारा 305(ए)/331(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राहुल विक्की (उम्र 22 वर्ष), पिता स्व. रत्नेश विक्की तथा तुलसी बढ़ाईक (उम्र 20 वर्ष), पिता स्व. इन्द्र बढ़ाईक के रूप में हुई है। दोनों आरोपी मधुकम रूगड़ीटोला, थाना सुखदेवनगर, जिला रांची के निवासी हैं।
छापामारी के दौरान आरोपितों की निशानदेही पर चोरी गया सामान भी बरामद किया गया। पुलिस ने एक लैपटॉप, पोको कंपनी का मोबाइल फोन, ड्रेसर ब्लेड, बिजली का तार, एक चाकू और लोहे का खंती जब्त किया है। पूछताछ में दोनों आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे आस-पास के थाना क्षेत्रों में घूम-घूम कर दुकानों और घरों में चोरी व गृहभेदन की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं।
पुलिस ने बताया कि बरामद चोरी का सामान विधिवत जब्ती सूची बनाकर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है और दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई से इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा। रांची पुलिस ने आम नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

