अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News: राजधानी रांची के ग्रामीण इलाके लापुंग में शुक्रवार की सुबह एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। देवगांव पंचायत के सकरपुर गांव में 65 वर्षीय बुजुर्ग किसान बंधना तिर्की की अज्ञात अपराधियों ने टांगी से काटकर हत्या कर दी। वारदात उस वक्त हुई जब बुजुर्ग हमेशा की तरह अपने खेतों की ओर निकले थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है।
खेत जाने के लिए निकले थे, जंगल किनारे मिला शव
मृतक बंधना तिर्की शुक्रवार सुबह करीब 7:00 बजे अपने घर से खेती-बारी के काम के लिए निकले थे। जब काफी देर तक वह वापस नहीं लौटे, तो परिजन उनकी तलाश करने लगे। इसी बीच करीब 11:00 बजे ग्रामीणों ने सकरपुर गांव के पास स्थित मेढ़ो लता जंगल के पास एक शव देखा। पास जाकर देखा गया तो वह बंधना तिर्की का खून से सना हुआ शव था। उनके शरीर पर टांगी के गहरे जख्म थे, जिसे देखकर गांव में कोहराम मच गया।
जमीन विवाद की आशंका; जांच में जुटी एफएसएल टीम
घटना की सूचना मिलते ही लापुंग थाना के एसआई सचिन लकड़ा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची से एफएसएल (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। ग्रामीणों के बीच दबी जुबान में चर्चा है कि यह हत्या पारिवारिक जमीन विवाद का नतीजा हो सकती है। हालांकि, पुलिस अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले हर पहलू को खंगाल रही है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल; पुलिस का जल्द गिरफ्तारी का दावा
बंधना तिर्की की मौत के बाद उनकी पत्नी फेको उराईन और दोनों बेटों, सुखदेव व देवकुमार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रांची भेज दिया है। थाना प्रभारी ने दावा किया है कि पुलिस अपराधियों के काफी करीब है और जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर हत्यारों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

