अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Koderma News: रांची-पटना मुख्य मार्ग पर स्थित कोडरमा घाटी एक बार फिर खून से लाल हो गई है। मंगलवार की शाम नौवां माईल के समीप हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने मेघातरी निवासी सन्नी कुमार राजवंशी की जिंदगी छीन ली। अज्ञात वाहन की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घर वापसी के दौरान हुआ जानलेवा हादसा
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, मेघातरी निवासी 25 वर्षीय सन्नी कुमार अपने मित्र करण कुमार उर्फ पप्पू के साथ ताराघाटी गया हुआ था। शाम करीब 4 बजे जब दोनों अपनी बाइक (JH 12 N 1974) से वापस घर लौट रहे थे, तभी नौवां माईल के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद बाइक के परखच्चे उड़ गए और सन्नी की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घायल साथी का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पेट्रोलिंग पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से दोनों को सदर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने सन्नी को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल करण कुमार का इलाज फिलहाल जारी है। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

