अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में खेलगांव परिसर के समुचित रख-रखाव और सुधार कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक की गई। बैठक में अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक, JSSPS के मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी एन. के. झा, जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि खेलगांव राज्य का एक प्रमुख खेल परिसर है, इसलिए इसके रख-रखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रशिक्षण वातावरण प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए स्टेडियम परिसर की नियमित मॉनिटरिंग, स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन और स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी।
उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि परिसर में विद्युत और पेयजल आपूर्ति निर्बाध रहे, खेल मैदानों की घास और सतह का नियमित रख-रखाव किया जाए तथा क्षतिग्रस्त खेल उपकरणों की मरम्मत या प्रतिस्थापन तुरंत सुनिश्चित हो। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए प्रवेश-नियंत्रण प्रणाली को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, तत्परता और गुणवत्ता खेलगांव के रख-रखाव की आधारशिला होनी चाहिए, ताकि राज्य के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

