अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
गुमला: आज समाहरणालय, गुमला में उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की अध्यक्षता में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न दूरदराज क्षेत्रों से आए 50 से अधिक नागरिकों ने उपायुक्त से प्रत्यक्ष मुलाकात कर अपनी समस्याएँ एवं शिकायतें दर्ज कराईं। उपायुक्त द्वारा सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान प्रमुख रूप से निम्न शिकायतें प्राप्त हुईं-
घाघरा प्रखंड के कसपोड़ा के ग्रामीणों ने बताया कि ललित स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित जन वितरण प्रणाली की दुकान बंद होने से ग्रामीणों को काफी दूरी तय कर अन्य गांव जाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने दुकान पुनः संचालित कराने हेतु आवेदन दिया, जिस पर उपायुक्त ने त्वरित जांच कर आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। राजकीयकृत मध्य विद्यालय, करौंदी के विद्यालय प्रबंधन समिति एवं ग्रामीणों ने विद्यालय के चारदीवारी निर्माण की मांग की। उन्होंने बताया कि विद्यालय में 266 बच्चे अध्ययनरत हैं तथा चारदीवारी न होने से असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ एवं चोरी जैसी घटनाएँ होती रहती हैं। उपायुक्त ने इसकी संज्ञान लेते हुए सम्बंधित विभाग को प्रस्ताव उपलब्ध कराने हेतु कहा। मर्दा चमरा टोली के ग्रामीणों ने ग्राम सभा में लिए गए निर्णय के अनुरूप महादेव मंडप स्थल की घेराबंदी कर सुरक्षित कराने का अनुरोध किया। उपायुक्त ने संबंधित विभाग को आवश्यक प्रतिवेदन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा नागरिकों द्वारा बिजली, पानी, राशन, आवास, वृद्धावस्था पेंशन, मनरेगा रोजगार, भूमि विवाद निपटारा एवं विभिन्न योजनाओं के लाभ दिलाने से संबंधित कई आवेदन प्रस्तुत किए गए। इस दौरान डिपाटोली, पालकोट निवासी सुशील उराँव द्वारा SAR केस संख्या 03/2018-19 के आदेशानुसार भूमि खाली कराने एवं CNTA उल्लंघन के मामले में उचित कार्रवाई की मांग की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को पूरे मामले की विस्तृत जाँच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। घाघरा थाना में प्रतिनियुक्त चौकीदारों के वेतन भुगतान में हो रही अनावश्यक देरी के संबंध में प्रतिनिधिमंडल द्वारा शिकायत रखी गई। इसके साथ ही पुग्गू पंचायत के ग्रामीणों ने कर्म डीपा स्थित कार्तिक उराँव बाल विकास विद्यालय (स्थापना वर्ष 2001) में 100 से अधिक बच्चों के अध्ययनरत होने की जानकारी देते हुए विद्यालय परिसर में बस पड़ाव निर्माण रोकने तथा विद्यालय संचालन यथावत रखने का अनुरोध किया। इस पर उपायुक्त ने बाल हितों को सर्वोपरि रखते हुए स्थिति का मूल्यांकन कर आवश्यक निर्णय लेने का आश्वासन दिया।
उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने कहा कि
“जन शिकायत निवारण दिवस आम जनता की समस्याओं के समाधान हेतु अत्यंत महत्वपूर्ण मंच है। प्रत्येक आवेदन पर त्वरित एवं पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
उपायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जन की समस्याओं का शीघ्र निवारण कर बेहतर प्रशासनिक सेवा प्रदान करें।

