अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
कुडू-लोहरदगा: सोमवार-मंगलवार की मध्यरात्रि अज्ञात वाहन चोरों ने कुडू रांची मुख्य पथ एनएच-75 स्थित जिलिंग गांव के उदित गुप्ता, पिता स्व. बसंत गुप्ता की घर के बाहर खड़ी बोलेरो को अज्ञात चोरों ने चोरी कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही कुडू पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है, लेकिन फिलहाल कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया है। उदित गुप्ता ने बताया कि हमेशा की तरह सोमवार को भी अपना बोलेरो रजिस्ट्रेशन संख्या जेएच 01 बीएच – 2072 को घर के बाहर खड़ा किया था।सुबह उठने पर बोलेरो गायब पाया। पीड़ित परिवार का रोज़गार का एकमात्र सहारा रही बोलेरो की चोरी ने घरवालों की कमर तोड़ दी है। गृहस्वामी के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
उल्लेखनीय है कि एक ओर पुलिस अपराधियों पर शिकंजा कसने में लगातार सक्रिय है। अभी 4 दिसंबर को चोरी हुई बाइक को मात्र 24 घंटे के भीतर रांची से बरामद कर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा था। लेकिन उसी के तीसरे दिन बोलेरो चोरी की इस वारदात ने पुलिस को एक खुली चुनौती दे डाली मानो अपराधी कहना चाह रहे हों कि पुलिस डाल-डाल तो हम पात-पात। इधर, हालिया सफल कार्रवाई के बाद राहत महसूस कर रहे वाहन मालिकों के माथे पर फिर चिंता की लकीरें लौट आई हैं। क्षेत्र में वाहन चोरी की नई घटना ने दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। हालांकि जनता को भरोसा है कि जिस तेजी से बाइक बरामद कर पुलिस ने अपनी काबिलियत साबित की थी, उसी तरह बोलेरो की बरामदगी भी जल्द होगी और अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजकर पुलिस एक बार फिर अपना दमखम दिखाएगी।

