अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
लोहरदगाः बीएस कॉलेज लोहरदगा स्थित इग्नू स्टडी सेंटर में गुरुवार को इंडक्शन बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज प्राचार्य-सह-कोऑर्डिनेटर डॉ. शशि कुमार गुप्ता ने की। जुलाई सत्र में नामांकन लेने वाले बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्य अतिथि इग्नू रांची क्षेत्रीय केंद्र की उपनिदेशिका डॉ. रागिनी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि इग्नू वास्तव में जन-जन का विश्वविद्यालय है, जो अंतरराष्ट्रीय मानकों के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि न केवल भारत के विभिन्न राज्यों में, बल्कि दुनिया के कई देशों में इग्नू के माध्यम से छात्र मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा प्रणाली से जुड़कर तकनीकी, प्रबंधकीय और विविध विषयों का अध्ययन कर रहे हैं। डॉ. रागिनी ने नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए अध्ययन की विशेषताओं, पाठ्यक्रम पद्धति और करियर संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को आपसी संवाद बढ़ाने, समूह अध्ययन को बढ़ावा देने और एक-दूसरे का सहयोग करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कहा कि बीएस कॉलेज इग्नू सेंटर क्षेत्र का सबसे सफल केंद्र है, जो कोऑर्डिनेटर डॉ. शशि कुमार गुप्ता के नेतृत्व में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। कोऑर्डिनेटर डॉ. शशि कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इग्नू की शिक्षा प्रणाली छात्रों को आत्मनिर्भर, अनुशासित और लक्ष्य के प्रति समर्पित बनाती है। उन्होंने छात्रों को अध्ययन में सक्रिय रूप से भाग लेने और अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों को ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में इग्नू सेंटर के शिक्षक-शिक्षिकाओं समेत बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। समूचा कार्यक्रम उत्साहपूर्ण और ज्ञानवर्धक माहौल में संपन्न हुआ।

