अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : मेन रोड स्थित तिवारी स्ट्रीट में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए गुरुवार को जया मेडिवर्ल्ड क्लीनिक में फिजिशियन एवं स्किन स्पेशलिस्ट डॉ. एम.जे. आज़ाद के नए क्लीनिक का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने किया। कार्यक्रम में शहर के कई प्रतिष्ठित चिकित्सक और सामाजिक सरोकार से जुड़े गणमान्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह में अपने संबोधन के दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने डॉ. आज़ाद की सेवाभावना और उनके व्यक्तित्व की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि डॉ. आज़ाद न केवल एक कुशल चिकित्सक हैं, बल्कि मरीजों के प्रति उनके भीतर गहरी मानवीय संवेदना है। उन्होंने बताया कि डॉ. आज़ाद के पिता भी एक विख्यात चिकित्सक थे, जो आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों का उपचार नि:शुल्क किया करते थे। “सेवा की वही परंपरा आज भी डॉ. आज़ाद में जीवंत है।”
कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल झारखंड के प्रख्यात सर्जन डॉ. मजीद आलम ने भी डॉ. आज़ाद के चिकित्सा कौशल और नैतिक मूल्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि डॉ. आज़ाद उन चिकित्सकों में से हैं जो चिकित्सा को केवल पेशा नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम मानते हैं और मरीजों के साथ अत्यंत सहानुभूति और धैर्य के साथ व्यवहार करते हैं।
उन्होंने आगे कहा, “आज समाज को ऐसे ही डॉक्टरों की आवश्यकता है जो मरीज की पीड़ा को समझकर उसे राहत प्रदान करने को अपना दायित्व मानते हैं। डॉ. आज़ाद निश्चित रूप से इस परंपरा के एक प्रेरणादायक उदाहरण हैं।”
कार्यक्रम के अंत में डॉ. एम.जे. आज़ाद ने आए हुए सभी अतिथियों, सहयोगियों और उपस्थित जनता के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जागरूकता ही एक स्वस्थ समाज की नींव है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य को लेकर सजग रहना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस क्लीनिक के माध्यम से मरीजों को उन्नत और संवेदनशील चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करायी जाएंगी।
उद्घाटन समारोह में शहर के कई चर्चित डॉक्टर और सामाजिक व्यक्तित्व मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से डॉ. अभय पांडे, डॉ. समरीना कमाल, डॉ. मुशर्रत जहाँ, इबरार अहमद, परवेज अहमद, डॉ. तसव्वुर, डॉ. वीणा सिन्हा, डॉ. एहरार हसन, डॉ. विनय कुमार, डॉ. सईद इक़बाल हुसैन, डॉ. एस.टी. अहमद, डॉ. कर्नल मुस्ताक, डॉ. बी. दुजा, डॉ. मुरली मरीष, डॉ. मयूख कुमार, डॉ. विवेक, डॉ. ए. जाया, डॉ. नसीमुल हक, डॉ. आर. साहिल, डॉ. अरसद अली, डॉ. अब्दुल्लाह साथ ही मुफ्ति अनवर कासमी, मुफ्ति अहसान जेया, जुनैद अनवर समेत सैकड़ों लोग उपस्थित थे।
इस नए क्लीनिक के शुरू होने से उम्मीद जताई जा रही है कि आसपास के क्षेत्र में चिकित्सा सेवाएं और भी बेहतर होंगी तथा मरीजों को एक ही स्थान पर फिजिशियन और स्किन दोनों तरह की विशेषज्ञ सेवाएँ मिल सकेंगी।

