अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
गुमला:- उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की अध्यक्षता में आज नगर परिषद, गुमला के कार्यों की व्यापक समीक्षा की गई। बैठक में नगर क्षेत्र की समग्र स्वच्छता, सुंदरीकरण, व्यापारिक व्यवस्थापन, अतिक्रमण मुक्त शहर अभियान, राजस्व सुधार एवं जनसुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि नगर परिषद क्षेत्र में संचालित सभी गतिविधियों को विधिसम्मत एवं सुव्यवस्थित रूप से लागू किया जाए, ताकि आम नागरिकों को सहज एवं स्वच्छ नागरिक सुविधाएँ उपलब्ध हो सकें।
बैठक में दुकानों के फेस-वाइज व्यवस्थित संचालन, सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण हटाने और नियमित एन्क्रोज़मेंट ड्राइव के संचालन पर बल दिया गया। उपायुक्त ने निर्देशित किया कि सड़क पर अवैध रूप से बालू एवं निर्माण सामग्री रखकर आवागमन बाधित करने वालों तथा सड़क घेरने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। शहर में सौंदर्यीकरण को गति देते हुए झाड़ियों की सफाई, ट्री-ट्रिमिंग, लाइटिंग व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण एवं रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। व्यापारिक व्यवस्था में पारदर्शिता लाते हुए ट्रेड लाइसेंस, प्रॉपर्टी टैक्स, पेयजल उपभोग बिल एवं अन्य राजस्व लक्ष्यों की समयबद्ध वसूली पर जोर दिया गया तथा नगर परिषद के आयोग के लिए कार्य कर रहें तीसरी पार्टी के कार्यों के मूल्यांकन की सतत समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने बस स्टैंड परिसर में बिना अनुमति चिकेन बिक्री कर रहे दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई का आदेश दिया। अनुमण्डल पदाधिकारी-सह-प्रशासक नगर परिषद के स्तर से दुकानदारों के साथ बैठक कर नियम पालन हेतु चेतावनी दी गई है और भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत सार्वजनिक उपद्रव की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। निर्देशानुसार सभी अवैध दुकानदारों को नोटिस निर्गत कर पर्यटन भवन के पीछे निर्धारित स्थल पर व्यवसाय संचालित करने का आदेश जारी किया गया है।
शहर में संचालित सभी छात्रावास, होटल एवं बैंक्वट हॉल की पंजीकरण एवं अनुपालन समीक्षा के क्रम में ऐसे संस्थानों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, जो मानकों का पालन नहीं कर रहे हैं। नगर परिषद द्वारा सभी संबंधित संस्थानों को नोटिस निर्गत किया जा चुका है, तथा नियम विरुद्ध पाए जाने पर आवश्यकतानुसार सीलिंग एवं पेनल्टी लगाने की प्रक्रिया जारी है।
स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण दृष्टिकोण से सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। नगर परिषद ने बताया कि विगत माह दो बार एंटी-एन्क्रोज़मेंट ड्राइव की गई, जिसमें 147 पैकेट प्लास्टिक जब्त किए गए एवं 2200 रुपये का जुर्माना किया गया। भवन निर्माण नियंत्रण के तहत अब तक 65 नये निर्माणकर्ताओं को नोटिस दिया गया है तथा इस कार्य के लिए स्ट्रीट लाइट इंस्पेक्टर को समर्पित रूप से दायित्व सौंपा गया है।
नगर परिषद ने बताया कि शहर के विभिन्न स्थानों पर डस्टबिन की स्थापना, नियमित स्वीपिंग टीम एवं ट्री-ट्रिमिंग टीम की तैनाती, नाइट क्लीनिंग की व्यवस्था तथा सभी दुकानदारों को अपने दुकानों में डस्टबिन रखने हेतु निर्देशित किया गया है, जिससे सार्वजनिक स्वच्छता में सुधार सुनिश्चित हो सके।
उपायुक्त ने कहा कि जिले का शहरी विकास जनसहभागिता एवं संगठित तरीके पर आधारित है। इसलिए किसी भी प्रकार की अनियमितता, अतिक्रमण या स्वच्छता में लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।


