अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Palamu News: पलामू में गुरुवार का दिन अचानक गरमा गया, जब भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने चैनपुर अंचल कार्यालय के बड़ा बाबू विनोद कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मामला उस समय सामने आया, जब स्थानीय निवासी अनोज प्रसाद ने एसीबी (ACB) को आवेदन देकर बताया कि बड़ा बाबू उनके नामांतरण वाद संख्या 0-373/1987-88 से जुड़े आदेश पत्र की नकल निर्गत करने के लिए 10 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं।
कैसे हुआ ट्रैप- शिकायत से गिरफ्तारी तक
अनोज ने कहा कि कई बार विनती करने के बाद भी बाबू काम करने को तैयार नहीं थे। सत्यापन में भी यह बात सही पाई गई कि विनोद कुमार 5500 रुपये लेने पर ही फाइल आगे बढ़ाने की बात कर रहे थे।
एसीबी (ACB) की टीम ने मौके पर ही दबोचा
शिकायत सही मिलने पर 19 नवंबर को केस दर्ज किया गया और एक विशेष टीम बनाई गई। गुरुवार को गवाहों की मौजूदगी में तय समय पर जैसे ही अनोज प्रसाद ने 5500 रुपये सौंपे, एसीबी (ACB) ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बड़ा बाबू को दबोच लिया। कार्रवाई इतनी तेज थी कि अंचल कार्यालय में मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही टीम उन्हें अपने साथ लेकर निकल गई।
गिरफ्तारी के बाद घर पर छापेमारी
गिरफ्तारी के कुछ ही घंटे बाद एसीबी (ACB) विनोद कुमार को लेकर सिंगरा स्थित उनके आवास पहुंची। वहां टीम ने करीब एक घंटे तक तलाशी ली और कई कागजात व दस्तावेज कब्जे में लिए। टीम यह भी जांच कर रही है कि क्या उनकी आय से अधिक संपत्ति या अन्य अनियमितता कहीं और तो नहीं है। दोपहर दो बजे मेडिकल जांच के बाद बड़ा बाबू को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
यह इस साल का 10वां ट्रैप केस
पलामू प्रमंडल में एसीबी (ACB) की यह कार्रवाई चर्चा में है, क्योंकि यह इस वर्ष का 10वां सफल ट्रैप केस है। अधिकारियों का कहना है कि आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। स्थानीय लोगों ने इसे “जरूरी और साहसिक कदम” बताया, क्योंकि नामांतरण और कागजात संबंधी कार्यों में घूसखोरी लंबे समय से शिकायत का विषय रही है।

