अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी सर्वजन पेंशन योजना के तहत रांची जिले के पेंशनधारियों को नवंबर माह की पेंशन राशि का सफलतापूर्वक भुगतान कर दिया गया है। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देशानुसार, कुल 2 लाख 22 हजार 669 लाभुकों के बैंक खातों में 22 करोड़ 26 लाख 69 हजार रुपये की राशि DBT (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से हस्तांतरित की गई है।
इस योजना के तहत लाभुकों को उनके बैंक खाते में प्रति व्यक्ति एक हजार रुपये की पेंशन राशि भेजी गई है। पेंशन राशि का यह भुगतान राज्य संपोषित योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन योजना, HIV/AIDS पीड़ित व्यक्ति सहायतार्थ पेंशन योजना, मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना, मुख्यमंत्री राज्य निराश्रित महिला सम्मान पेंशन योजना तथा ट्रांसजेंडर/तृतीय लिंग व्यक्तियों हेतु मुख्यमंत्री राज्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत किया गया है।
नवंबर माह में योजनावार लाभुकों की संख्या
- मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन योजना : 341 लाभुक
- एचआईवी/एड्स पीड़ित व्यक्ति सहायतार्थ पेंशन योजना : 415 लाभुक
- मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना : 1,74,248 लाभुक
- मुख्यमंत्री राज्य निराश्रित महिला सम्मान पेंशन योजना : 47,658 लाभुक
- ट्रांसजेंडर/तृतीय लिंग पेंशन योजना : 07 लाभुक
उपायुक्त श्री भजन्त्री ने बताया कि राज्य सरकार की इस योजना का उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है, ताकि कोई भी वरिष्ठ नागरिक, निराश्रित महिला या वंचित वर्ग आर्थिक तंगी का सामना न करे।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन लाभुकों के बैंक खातों में अभी तक पेंशन राशि हस्तांतरित नहीं हो पाई है, वे अपने बैंक खाते को आधार से सीड कराएं, ताकि भविष्य में भुगतान में कोई बाधा न आए।
साथ ही, जिला प्रशासन ने सभी लाभुकों से अपने संबंधित प्रखंड या अंचल कार्यालय में भौतिक सत्यापन कराने का अनुरोध किया है, ताकि योजना का लाभ निरंतर प्राप्त होता रहे।
सर्वजन पेंशन योजना के तहत रांची जिले में नवंबर माह का भुगतान पूरा होना प्रशासन की पारदर्शी और समयबद्ध व्यवस्था का परिणाम है। इससे यह सुनिश्चित हुआ है कि हर पात्र व्यक्ति तक सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ सीधे और बिना बिचौलियों के पहुंचे।

