अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Chaibasa News: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा रेलवे मार्केट स्थित डाकघर में 50 लाख रुपये की बड़ी धोखाधड़ी का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने इस घोटाले के आरोप में तत्कालीन उप डाकपाल विकास चंद्र कुलिया (46) को गिरफ्तार किया है।
जांच में पता चला कि फरवरी 2023 से जून 2025 के बीच कुलिया ने डाकघर की विभिन्न बचत योजनाओं के खाताधारकों की राशि में हेराफेरी की और करीब 50,56,473 रुपये की फर्जी निकासी की। इस धनराशि का उपयोग उसने ऑनलाइन जुए और स्थानीय सट्टेबाजी में किया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने “डेल्टा एक्सचेंज” और “धूम 999 कैसिनो” जैसे जुआ ऐप्स पर लाखों रुपये गंवाए। इसके अलावा, वह स्थानीय जुआ स्थलों पर भी सक्रिय था।
एसडीपीओ अजय केरकेट्टा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के टुंगरी स्थित घर में छापा मारा। वहाँ से उसे उसकी पत्नी और दो गवाहों की मौजूदगी में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।
अधिकारियों के मुताबिक, वह एक शिक्षित परिवार से था लेकिन जुए और नशे की लत ने उसकी जिंदगी पटरी से उतार दी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

