अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : सचिवालय रोड, सेक्टर-3 स्थित पंजाब नेशनल बैंक के पास सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क पर दो भैंसों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद दोनों पशु सड़क पर पड़े रहे, जिससे मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सीधे भैंसों से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों भैंसों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्गा पूजा का समय होने के कारण सड़क पर पहले से ही यातायात का दबाव ज्यादा था, ऐसे में अचानक हुए इस हादसे से स्थिति और बिगड़ गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। हादसे के कारण वाहन चालकों को लंबा इंतजार करना पड़ा। लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि जल्द से जल्द मृत भैंसों को सड़क से हटाकर यातायात को सामान्य किया जाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्गा पूजा के दौरान शहर की सड़कों पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस की तैनाती होनी चाहिए ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं और जाम की स्थिति से बचा जा सके।

