अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
World News: ऑपरेशन सिंदूर में मिली करारी हार के बावजूद पाकिस्तान की सेना के तेवर ढीले नहीं हुए हैं। पाकिस्तान के सेना प्रमुख और स्वयंभू फील्ड मार्शल असीम मुनीर ने एक बार फिर भारत के खिलाफ जहर उगला है। इस बार उन्होंने परमाणु हमले की खुली धमकी दी है।
असीम मुनीर इन दिनों अमेरिका के दौरे पर हैं और फ्लोरिडा के टाम्पा स्थित ग्रैंड हयात होटल में एक डिनर कार्यक्रम के दौरान उन्होंने यह बयान दिया। वहां मौजूद पाकिस्तानी कारोबारी अदनान असद और अन्य मेहमानों के सामने मुनीर ने कहा, “यदि भारत के साथ जंग में पाकिस्तान का अस्तित्व खतरे में आया, तो आधी दुनिया को अपने साथ ले जाएंगे।”
उन्होंने आगे कहा कि सिंधु नदी केवल भारत की संपत्ति नहीं है और पाकिस्तान के पास मिसाइलों की कोई कमी नहीं है। सिंधु जल समझौते का जिक्र करते हुए मुनीर ने आरोप लगाया कि भारत ने इस समझौते का उल्लंघन किया है, जिससे पाकिस्तान के 25 करोड़ लोग भूख और प्यास के संकट में हैं।
मुनीर ने चेतावनी दी कि पाकिस्तान भारत के बांध बनने का इंतजार करेगा और जैसे ही वह तैयार होगा, मिसाइलों से उसे नष्ट कर देगा। उनके इस बयान ने एक बार फिर भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ा दिया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के बयान पाकिस्तान की घरेलू राजनीति और सेना की आंतरिक विफलताओं से ध्यान भटकाने के लिए दिए जाते हैं। भारत ने अब तक इस धमकी पर आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन विदेश नीति के जानकारों का कहना है कि पाकिस्तान की परमाणु धमकियां नई नहीं हैं और इन्हें गंभीरता से लेने के बजाय रणनीतिक स्तर पर जवाब देना चाहिए।
इससे पहले भी पाकिस्तान के नेता और सेना अधिकारी कई बार परमाणु हथियारों का इस्तेमाल करने की धमकी दे चुके हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय दबाव और आर्थिक संकट के कारण वे कभी इसे अमल में नहीं ला पाए हैं।

