अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Tehran News : ईरान सरकार ने अपने नागरिकों को लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप्स व्हाट्सएप, टेलीग्राम और अन्य लोकेशन-आधारित मोबाइल एप्लिकेशनों के उपयोग से परहेज करने की सख्त चेतावनी दी है। यह चेतावनी उस समय सामने आई है जब हाल ही में इजराइल द्वारा किए गए टारगेटेड असैसिनेशन (लक्षित हत्याएं) की घटनाओं के बाद देश में सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRIB द्वारा जारी एक रिपोर्ट में बताया गया है कि इजराइली खुफिया एजेंसियों ने मोबाइल एप्लिकेशनों की मदद से कुछ प्रमुख ईरानी नागरिकों की लोकेशन ट्रैक की, जिनमें वैज्ञानिक और अन्य संवेदनशील पदों पर कार्यरत लोग शामिल थे। इसके आधार पर उन्हें निशाना बनाया गया।
रिपोर्ट के अनुसार, इन ऐप्स के जरिये यूजर की रीयल टाइम लोकेशन और डिजिटल गतिविधियों को ट्रैक किया जा सकता है, जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। ईरानी सुरक्षा एजेंसियों ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे स्थान बदलते समय अपने मोबाइल फोनों को स्विच ऑफ करें और विशेष रूप से संवेदनशील स्थानों पर मोबाइल फोन साथ न ले जाएं।
सरकार की यह चेतावनी सिर्फ आम नागरिकों के लिए ही नहीं है, बल्कि सुरक्षा बलों, वैज्ञानिकों और संवेदनशील संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए भी है। उन्हें स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वे केवल सुरक्षित और एन्क्रिप्टेड संचार माध्यमों का ही उपयोग करें और किसी भी असुरक्षित मोबाइल सॉफ्टवेयर या ऐप से दूर रहें।
ईरानी अधिकारियों ने यह भी कहा है कि मौजूदा समय में साइबर जासूसी और डिजिटल निगरानी के मामले बढ़ते जा रहे हैं, और यह नई किस्म की जंग का हिस्सा है जिसमें दुश्मन देश आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं।

