रांची: नगड़ी इलाके में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और रांची पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 97 किलो गांजा बरामद किया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजे की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, NCB को सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप रांची लाई जा रही है। इसके बाद रांची पुलिस की मदद से नगड़ी इलाके में नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई।
इसी दौरान टीम ने दो संदिग्ध कारों को रोका। पुलिस को देखते ही दोनों कारों के चालक भागने की कोशिश करने लगे। हालांकि, पहले से सतर्क पुलिस और NCB की टीम ने दोनों वाहनों को घेर लिया। तलाशी के दौरान एक कार से 97 किलो गांजा बरामद हुआ।
जांच में पता चला कि तस्करी के लिए दो कारों का इस्तेमाल किया जा रहा था। एक कार आगे चलकर रास्ते की निगरानी कर रही थी, जबकि दूसरी कार में गांजा रखा गया था। बताया जा रहा है कि गांजे की खेप हजारीबाग के बरही ले जाई जा रही थी।
इस कार्रवाई में नगड़ी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार और उनकी टीम ने भी सहयोग किया। ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि NCB की सूचना पर रांची पुलिस ने कार्रवाई में सहयोग किया और गांजे की बड़ी खेप बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में हजारीबाग निवासी शुभम कुमार और सूरज कुमार शामिल हैं। तीसरे आरोपी से पूछताछ की जा रही है। NCB की टीम गांजे के स्रोत, सप्लायर और पूरे तस्करी नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।




