रांची: रांची नगर निगम को पर्यावरण के अनुकूल और ऊर्जा की बचत करने वाला बनाने की दिशा में नई पहल की गई है। निगम कार्यालय में जरेडा की मदद से 50 KVA क्षमता का हाइब्रिड सोलर सिस्टम बैटरी के साथ लगाया गया है। शुक्रवार को महापौर रोशनी खलखो ने इसका उद्घाटन किया।
इस सोलर सिस्टम से नगर निगम कार्यालय के बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर, फर्स्ट फ्लोर और सेकंड फ्लोर की बिजली की जरूरत पूरी की जाएगी। जरूरत के अनुसार अन्य मंजिलों पर भी बिजली का वितरण किया गया है।
बिजली खर्च में आएगी कमी
नगर निगम के अनुसार, सौर ऊर्जा के इस्तेमाल से पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम होगी। इससे बिजली की खपत और खर्च में भी कमी आने की उम्मीद है। साथ ही सौर ऊर्जा के इस्तेमाल से कार्बन उत्सर्जन कम करने और पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी।
ऊर्जा बचाना सभी की जिम्मेदारी: महापौर
उद्घाटन के मौके पर महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण आज की जरूरत है। आने वाली पीढ़ियों के लिए ऊर्जा और प्राकृतिक संसाधनों को बचाना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम सौर ऊर्जा के साथ-साथ ग्रीन और पर्यावरण अनुकूल तरीकों को अपनी कार्यप्रणाली में शामिल करने की दिशा में काम कर रहा है।
कार्यक्रम में उप महापौर नीरज कुमार, नगर आयुक्त सुशांत गौरव, अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार समेत निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।




