Jamshedpur. हरजीत सिंह उर्फ चिंटू सिंह ने अपने खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से सुनियोजित साजिश रचने का आरोप लगाते हुए साइबर अपराध थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि एडिटेड ऑडियो-वीडियो प्रसारित कर उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश की जा रही है।
भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता चिंटू सिंह ने बताया कि इंस्टाग्राम पर “कुमकुम श्रीवास्तव फैन पेज” तथा फेसबुक पर “मानगो लाइव” नामक पेजों के माध्यम से उनके चुनावी कार्यक्रमों के फोटो एवं वीडियो से छेड़छाड़ कर भ्रामक और मनगढ़ंत सामग्री वायरल की जा रही है। उनका आरोप है कि यह सब उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और चुनावी माहौल को प्रभावित करने की नीयत से किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आचार संहिता लागू होने के बाद इस प्रकार की गतिविधियां लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सीधा हमला हैं। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इस तरह की दुर्भावनापूर्ण राजनीति से डरने वाले नहीं हैं और साजिश में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी।
इस संबंध में उन्होंने साइबर अपराध थाना जमशेदपुर में औपचारिक शिकायत दर्ज कराते हुए दोषियों की पहचान कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में प्रशासन से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram और Facebook पर प्रसारित फर्जी एवं एडिटेड कंटेंट को तत्काल हटाने की भी अपील की गई है।
चिंटू सिंह ने प्रशासन से चुनावी माहौल को दूषित करने वालों पर सख्त कदम उठाने की मांग करते हुए आम जनता से भी अपील की है कि वे अफवाहों और एडिटेड वीडियो के झांसे में न आएं तथा सत्यापित जानकारी पर ही विश्वास करने की बात कही है।



