रांची: रांची के डोरंडा स्थित रीजनल पे एंड अकाउंट्स कार्यालय के तीन गिरफ्तार लेखा अधिकारियों को CBI ने शुक्रवार शाम तीन दिनों की पुलिस रिमांड पर लिया है। तीनों से रिश्वत मामले में पूछताछ की जा रही है।
CBI ने गुरुवार को तीनों अधिकारियों को 48,400 रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों में सीनियर अकाउंट अधिकारी संतोष कुमार महतो, सहायक अकाउंट अधिकारी सुनील कुमार और सहायक अकाउंट अधिकारी सुजीत कुमार सिंह शामिल हैं।
तलाशी में 10 से 12 लाख रुपये नकद बरामद
CBI ने आरोपियों के ठिकानों पर तलाशी भी ली थी। इस दौरान करीब 10 से 12 लाख रुपये नकद के अलावा कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और सबूत जब्त किए गए।
जब्त सामान में डिजिटल डिवाइस, अचल संपत्ति से जुड़े कागजात, निवेश से संबंधित दस्तावेज, गहने और बैंक लेनदेन से जुड़े कागजात शामिल हैं।
सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाएगी CBI
रीजनल पे एंड अकाउंट्स कार्यालय केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन है। यह कार्यालय NIA, CISF और NCB से जुड़े अकाउंट्स का काम देखता है।
CBI अब रिमांड के दौरान तीनों आरोपियों से उनके सहयोगियों और मामले से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाएगी। इस मामले में CISF के हवलदार रविकांत त्रिपाठी के बयान के आधार पर CBI की रांची भ्रष्टाचार निरोधक शाखा में 26 अगस्त को प्राथमिकी दर्ज की गई थी।




