Bokaro news:- चास नगर निगम क्षेत्र में शहर को रोशन करने की दिशा में एक बड़ी पहल की शुरुआत हो गई है। मेयर भोलू पासवान और डिप्टी मेयर पूजा कुमारी ने संयुक्त रूप से स्विच ऑन कर स्ट्रीट लाइट लगाने के अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत जोधाडीह मोड़ स्थित रामरूद्र स्कूल, चास के पास से की गई।
इस अवसर पर मेयर भोलू पासवान ने बताया कि नगर निगम के सभी 35 वार्डों में करीब 2500 हैलोजन स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि अंधेरे वाले इलाकों को प्राथमिकता देते हुए चरणबद्ध तरीके से पूरे शहर में रोशनी की व्यवस्था की जाएगी, ताकि लोगों को रात के समय आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
वहीं डिप्टी मेयर पूजा कुमारी ने कहा कि स्ट्रीट लाइट लगने से चास की गलियां पूरी तरह रोशन होंगी। इससे खासकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित माहौल मिलेगा तथा अपराध पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि लंबे समय से अंधेरे में डूबे मोहल्लों को अब रोशनी मिलेगी और शहर की सुरक्षा व्यवस्था भी पहले से अधिक मजबूत होगी।
