रायडीह (गुमला): रायडीह प्रखंड के कुलमुंडा बेरीटोली गांव में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 17 वर्षीय छात्र जैतून खड़िया ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जैतून खड़िया कहीं से घूमकर अपने घर लौटा था। घर पहुंचने के बाद वह सीधे अपने कमरे में गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को संदेह हुआ। इसके बाद घर के दूसरे दरवाजे से झांककर देखा गया, जहां जैतून फंदे से लटका हुआ मिला।
यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और घटना की सूचना तत्काल रायडीह थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की गई तथा मामले की जांच की जा रही है।
मृतक जैतून खड़िया रायडीह स्थित एसएस हाई स्कूल का 11वीं कक्षा का छात्र था। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार वह पढ़ाई में काफी होनहार, मिलनसार और शांत स्वभाव का था। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में गहरा दुख व्याप्त है।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।




