झारखंड में 10 हजार KM सड़कों का होगा कायाकल्प, 1153 करोड़ से सुधरेगी कनेक्टिविटी
झारखंड सरकार ने राज्य की लगभग 10 हजार किमी सड़कों को 1,153 करोड़ रुपये की लागत से दुरुस्त करने का निर्णय लिया है। इसमें 3,218 किमी सड़कों का पुनर्निर्माण और 6,736 किमी की राइडिंग क्वालिटी में सुधार शामिल है।
HighLights (एक नज़र )
- 10 हजार किमी सड़कों पर 1,153 करोड़ रुपये होंगे खर्च।
- 3,218 किमी सड़कों का पुनर्निर्माण, 6,736 किमी की राइडिंग क्वालिटी में सुधार।
- खराब मरम्मत करने वाले ठेकेदारों पर होगी सख्त कार्रवाई।
राज्य ब्यूरो, रांची। राज्य सरकार ने राज्य की लगभग 10 हजार किमी सड़कों को दुरुस्त करने का निर्णय लिया है। यह राज्य की कुल सड़कों की दो तिहाई है। इन सड़कों की मरम्मति, पुनर्निर्माण और रखरखाव पर 1,153 करेाड़ रुपये खर्च होंगे। इनमें 3,218 किमी सड़कों का पुनर्निर्माण होगा, जबकि 6,736 किमी सड़कों की राइडिंग क्वालिटी में सुधार होगा।
पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने इस योजना को लेकर हुई बैठक में अधिकारियों को कई निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया एवं अन्य माध्यमों से सड़कों की मरम्मति में लापरवाही की खबरें आ रही हैं, जिससे विभाग की छवि धूमिल हो रही है।
उन्होंने कहा कि गड्ढों की मरम्मति के नाम पर सिर्फ बिटुमिनस सामग्री भरकर काम चलाना गलत है। बिना उचित कटिंग, स्क्वायरिंग और कंपैक्शन के किया गया यह पैच वर्क अस्थायी होता है और जल्दी ही टूट जाता है। प्रधान सचिव ने सख्त निर्देश दिए कि गड्ढों की मरम्मति आइआरसी (भारतीय सड़क कांग्रेस) के मानकों के अनुसार ही हो।




