रांची : रांची में पुलिस ने अपहरण की घटना के बाद तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब दो घंटे में एक युवक को सकुशल बरामद कर लिया। रविवार देर रात अरगोड़ा थाना क्षेत्र के कडरू इलाके में कुछ बदमाशों ने हथियार के बल पर युवक का अपहरण कर लिया था।
घटना की जानकारी मिलते ही युवक के परिजन पुलिस के पास पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के SSP राकेश रंजन ने तुरंत एक विशेष टीम बनाई। टीम का नेतृत्व सिटी एसपी पारस राणा ने किया।
पुलिस ने तकनीकी जांच और सूचना तंत्र की मदद से युवक की तलाश शुरू की। इसके बाद नगड़ी इलाके में घेराबंदी कर करीब दो घंटे के अंदर युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने युवक को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इससे पहले 7 सितंबर को भी विधायक जनार्दन पासवान के बेटे के अपहरण के मामले में पुलिस ने करीब दो घंटे में उसे बरामद किया था।




