फॉण्ट कनवर्टर NEW

रात में महुआ शराब पीने निकला युवक, सुबह कलवर्ट में मिला शव

Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा थाना क्षेत्र के गोबरघुसी पंचायत अंतर्गत सारी गांव में रविवार सुबह कलवर्ट के नीचे युवक का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 27 वर्षीय मनोहर माझी, पिता लम्बोदर माझी के रूप में हुई

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा थाना क्षेत्र के गोबरघुसी पंचायत अंतर्गत सारी गांव में रविवार सुबह कलवर्ट के नीचे युवक का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 27 वर्षीय मनोहर माझी, पिता लम्बोदर माझी के रूप में हुई है। पुलिस को आशंका है कि युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या की गई है। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं और घटनास्थल पर काफी खून भी पाया गया है।

बताया गया कि मनोहर माझी शनिवार रात सारी गांव निवासी सुशील सिंह के घर आयोजित मनसा पूजा के रात्रि जागरण कार्यक्रम जांत मंगल में अन्य कलाकारों के साथ शामिल हुआ था। रात करीब दो बजे वह कार्यक्रम में शामिल टीम के 55 वर्षीय सदस्य दुर्लभ सिंह के साथ शराब पीने के लिए गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर बूढ़ीगोड़ा टोला स्थित महुआ शराब की भट्ठी पर गया था। शराब पीने के बाद दोनों पैदल वापस लौट रहे थे। इसके बाद मनोहर अपने घर नहीं पहुंचा, जबकि दुर्लभ सिंह नशे की हालत में अपने घर चला गया।

रविवार सुबह तालाब के किनारे शौच के लिए गए ग्रामीणों की नजर कलवर्ट के नीचे पड़े शव पर पड़ी। शव खून से लथपथ था। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पटमदा थाना प्रभारी विष्णु चरण भोगटा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शीतगृह में रखवा दिया है।

मामले में पुलिस ने दुर्लभ सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि पूछताछ में उसने हत्या में अपनी संलिप्तता से इनकार किया है। उसका कहना है कि वह अत्यधिक नशे में था और उसे घटना के संबंध में कोई जानकारी नहीं है। उसने पुलिस को बताया कि मनोहर से उसकी कोई दुश्मनी नहीं थी और दोनों के बीच उस रात किसी प्रकार का विवाद भी नहीं हुआ था। पुलिस घटनास्थल और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही हत्या के कारणों और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

मनोहर माझी विवाहित था और उसके परिवार में पत्नी, दो बच्चे तथा माता-पिता हैं। वह जमशेदपुर में ठेका मजदूर के रूप में काम करता था। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों तथा हत्या की परिस्थितियों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram