Bokaro : बोकारो के सेक्टर-4 थाना क्षेत्र अंतर्गत बीजीएच के समीप सुबह एक महिला के गले से सोने की चेन झपटकर पल्सर सवार दो बदमाश फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। महिला द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। बताया जाता है कि पल्सर बाइक पर सवार दो बदमाश मौके पर पहुंचे और महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश तेज गति से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। शहर में लगातार हो रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं से महिलाओं में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि बदमाश दिनदहाड़े भी ऐसी घटनाओं को अंजाम देने से नहीं हिचक रहे हैं। इधर, पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ घटना की जांच कर रही है। फिलहाल बोकारो पुलिस घटना के उद्भेदन और लूटी गई चेन की बरामदगी के प्रयास में जुटी हुई है।



