Jamshedpur News: जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में ट्रैफिक जांच के दौरान एक दंपती के साथ कथित अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। घटना साई मंदिर के पास की बताई जा रही है, जहां स्कूटी सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ट्रैफिक जांच के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार आदित्यपुर निवासी विशाल कुमार अपनी पत्नी के साथ स्कूटी से सोनारी से आदित्यपुर की ओर जा रहे थे। इस दौरान विशाल ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। साई मंदिर के पास ट्रैफिक जांच में तैनात जवानों ने स्कूटी को रोका।
दंपती का आरोप है कि इसी दौरान एक ट्रैफिक जवान ने स्कूटी को धक्का दे दिया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया। हादसे में स्कूटी पर सवार महिला को गंभीर चोटें आईं।
मौके पर मचा हंगामा
घटना होते ही आसपास मौजूद राहगीर और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। देखते ही देखते मौके पर हंगामा शुरू हो गया और ट्रैफिक पुलिस के खिलाफ नारेबाजी होने लगी। स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
सूचना मिलने पर बिष्टुपुर ट्रैफिक प्रभारी राकेश सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को शांत कराया और पूरे मामले की जांच कराने का भरोसा दिलाया। साथ ही दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।



