फॉण्ट कनवर्टर NEW

तेंतोडीपोसी में हाथी का आतंक, ग्रामीण को सूंड से उठाकर पटका; सदर अस्पताल रेफर

Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार जारी है। गुरुवार सुबह चाईबासा वन प्रमंडल अंतर्गत जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के तेंतोडीपोसी गांव में एक जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान तेंतोडीपोसी निवासी चंपई

अपनी भाषा में पढ़ें

Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार जारी है। गुरुवार सुबह चाईबासा वन प्रमंडल अंतर्गत जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के तेंतोडीपोसी गांव में एक जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान तेंतोडीपोसी निवासी चंपई केराई के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। वहीं वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

जानकारी के अनुसार चंपई केराई गुरुवार सुबह अपने घर से शौच के लिए निकले थे। इसी दौरान अचानक एक जंगली हाथी वहां पहुंच गया। चंपई केराई हाथी को देखकर कुछ समझ पाते, उससे पहले ही हाथी ने अपनी सूंड से उन्हें उठाकर जमीन पर पटक दिया। बताया जा रहा है कि हाथी ने उन्हें अपने पैरों से दबाने का भी प्रयास किया। हालांकि कुछ देर बाद हाथी वहां से जंगल की ओर चला गया।

घायल चंपई केराई की पत्नी पार्वती केराई ने बताया कि हाथी के जाने के बाद उनके पति दर्द से कराहते हुए मदद के लिए आवाज लगाने लगे। उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें गंभीर अवस्था में तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जगन्नाथपुर पहुंचाया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना वन विभाग को भी दी।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार किए जाने के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी सक्रिय हुई और घायल को आगे के उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।

बताया गया है कि हाथी के हमले में चंपई केराई की कमर तथा पसलियों में चोटें आई हैं। सदर अस्पताल में उनका एक्स-रे कराया जा रहा है ताकि अंदरूनी चोटों की स्थिति का पता लगाया जा सके। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है।

घटना के बाद वन विभाग ने क्षेत्र के लोगों से हाथियों की गतिविधियों वाले इलाकों में अकेले नहीं जाने और विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। वहीं ग्रामीणों ने क्षेत्र में हाथियों की लगातार बढ़ती आवाजाही पर चिंता जताते हुए प्रभावी निगरानी और सुरक्षा उपायों की मांग की है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram