Jamshedpur : बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर-1 में एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस ने शुक्रवार को शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतका की पहचान तनुश्री दास के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब पांच महीने पहले हुई थी और वह अपने पति के साथ बिरसानगर में रह रही थी।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद तनुश्री तनाव में आ गई और उसने फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलने पर पति ने उसे फंदे से नीचे उतारा और तत्काल इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में इलाज के दौरान गुरुवार देर रात उसकी मौत हो गई। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शुक्रवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
तनुश्री के पति ने पुलिस को बताया कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था और करीब पांच महीने पहले ही उन्होंने प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों बिरसानगर में साथ रह रहे थे। पति के अनुसार, तनुश्री दूसरे के घरों में झाड़ू-पोछा का काम करती थी। बुधवार को दोनों के बीच हुए विवाद के बाद उसने यह कदम उठा लिया। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।



