New Delhi: मई के महीने में सूरज की तपिश झेल रहे उत्तर और मध्य भारत के लिए मौसम विभाग ने एक बड़ी चेतावनी जारी की है। पिछले कुछ दिनों से आसमान साफ रहने के बाद अब एक बार फिर मौसम करवट ले रहा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 12 मई को देश के 19 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात (बिजली गिरना) की आशंका है।
चक्रवाती परिसंचरण का असर
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के ऊपर बने एक चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) के कारण यह मौसमी बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके प्रभाव से न केवल मैदानी इलाकों में धूल भरी आंधी चलेगी, बल्कि पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश भी हो सकती है।
पहाड़ों पर भूस्खलन का खतरा
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के कारण भूस्खलन (Landslide) की घटनाएं हो सकती हैं। पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को फिलहाल ऊंचाई वाले इलाकों की यात्रा टालने और नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
राज्यों का हाल:
-
बिहार और झारखंड: यहां ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। चंपारण, मुजफ्फरपुर और गोपालगंज में 70 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
-
दिल्ली-एनसीआर: धूल भरी आंधी और मध्यम बारिश की संभावना है, हालांकि तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा।
-
उत्तर प्रदेश और पंजाब: अमृतसर, लुधियाना, और यूपी के कई जिलों में गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने के आसार हैं।
-
राजस्थान और मध्य प्रदेश: बाड़मेर, जोधपुर (राजस्थान) और इंदौर, सिंगरौली (एमपी) में भी बारिश का अलर्ट है।
किसानों और आम जनता के लिए सलाह
तेज हवाओं और ओलावृष्टि की संभावना ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि यह कटी हुई फसलों और बागवानी को नुकसान पहुंचा सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें, बिजली के खंभों, पेड़ों या जर्जर इमारतों के नीचे शरण न लें।
Read more: झारखंड में कुदरत के तेवर : अगले 48 घंटे भारी, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट



