Bokaro News; लास्ट माइल्स की कनेक्टिविटी नहीं होने के कारण बोकारो एयरपोर्ट चालू होने में विलंब हो रहा है। जनता कई वर्षों से आस लगाए बैठी है। अब जनता का धैर्य टूटता जा रहा है।
इसी बीच, बोकारो में एयरपोर्ट चालू करने में आ रही अड़चन को दूर करने की मांग को लेकर भाजपा नेता विवेक सिंह गुरुवार को दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से मुलाकात की। बैठक के दौरान विवेक सिंह ने बोकारो एयरपोर्ट की अनिवार्यता और इसकी आर्थिक उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि बोकारो की जनता वर्षों से हवाई सुविधा शुरू होने का इंतजार कर रही है और यह शहर के विकास, औद्योगिक विस्तार और नए निवेश के लिए एक बड़ा कदम साबित होगा।
उन्होंने मंत्री को यह भी बताया कि एयरपोर्ट शुरू होने से बोकारो में कई नए उद्योग-धंधे विकसित होंगे, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
केंद्रीय मंत्री नायडू ने बातचीत के दौरान सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा कि मंत्रालय बोकारो एयरपोर्ट से जुड़ी सभी बाधाओं को दूर करने की दिशा में पहल करेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि सारे स्टेकहोल्डर को एक प्लेटफार्म पर लाकर बची हुई समस्याओं का समयबद्ध तरीके से निराकरण किया जाएगा।
बता दें कि विवेक सिंह एयरपोर्ट के मुद्दे को लेकर केंद्रीय इस्पात मंत्री, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष, भारत सरकार के कैबिनेट सचिव सम मुलाकात कर चुके हैं।



