लोहरदगाः विश्व हिंदू परिषद के तत्वावधान में लोहरदगा से निकली भव्य धार्मिक यात्रा अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नेपाल स्थित जनकपुर धाम पहुँच चुकी है। विगत 2 जनवरी को लोहरदगा से लगभग ढाई सौ श्रद्धालुओं का दल बसों एवं निजी वाहनों से रवाना हुआ था। यह यात्रा बोधगया, विष्णुपद धाम, राजगीर एवं सीतामढ़ी होते हुए श्रद्धा और उल्लास के साथ जनकपुर धाम पहुँची। इस पावन यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालु अत्यंत प्रसन्न हैं और विश्व हिंदू परिषद द्वारा की गई उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की मुक्तकंठ से सराहना कर रहे हैं। यात्रा की संपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे विहिप जिला मंत्री रंजीत कुमार साहू ने बताया कि यह धार्मिक यात्रा अन्य यात्राओं से भिन्न और विशेष है। पूरे मार्ग में यात्रियों के लिए स्वयं के रसोइयों द्वारा तैयार सात्विक भोजन समय पर उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही, जहाँ-जहाँ रात्रि विश्राम होता है, वहाँ साथ चल रही भजन-कीर्तन मंडली द्वारा सत्संग एवं संकीर्तन का आयोजन किया जाता है, जिससे श्रद्धालु आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कर रहे हैं। यात्रा के व्यवस्थापक एवं बजरंग दल संयोजक पवन प्रजापति ने बताया कि जनकपुर धाम के पश्चात यह यात्रा अयोध्या श्रीराम मंदिर, हनुमानगढ़ी सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों का दर्शन करते हुए प्रयागराज में महाकुंभ स्नान कराएगी। इसके बाद मार्ग में पड़ने वाले विभिन्न तीर्थ स्थलों के दर्शन करते हुए यात्रा नगर उंटारी स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना के पश्चात लोहरदगा लौटकर संपन्न होगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस सफल यात्रा के उपरांत दूसरा दल, जिसमें लगभग 200 श्रद्धालु शामिल होंगे, 18 जनवरी को पुनः धार्मिक यात्रा के लिए रवाना होगा, जिसमें पूर्ववत सभी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी।
विश्व हिंदू परिषद की यह धार्मिक यात्रा श्रद्धा, अनुशासन, सेवा और सांस्कृतिक एकता का अनुपम उदाहरण बनकर क्षेत्र में सराहना का विषय बनी हुई है।



