रांची: शहर में खाली पड़ी सरकारी जमीनों को भू-माफियाओं और अवैध कब्जों से बचाकर उन्हें आम जनता के हित में उपयोग में लाने की दिशा में रांची नगर निगम ने एक अहम कदम उठाया है। वार्ड संख्या-46 के अंतर्गत कुसई मौजा स्थित 1 एकड़ 15 डिसमिल कैसर-ए-हिंद जमीन की तस्वीर अब जल्द बदलने वाली है। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने इस जमीन का स्थलीय निरीक्षण किया और निगम की इंजीनियरिंग टीम को यहां आधुनिक जनसुविधाएं विकसित करने का विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया।
अतिक्रमण पर रोक और जनहित को प्राथमिकता
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर में उपलब्ध सरकारी जमीनों का संरक्षण करना और उन्हें नागरिकों के दैनिक जीवन व आजीविका के लिए उपयोगी बनाना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। कुसई मौजा के खाता संख्या-38 और प्लॉट संख्या 14 पर स्थित इस भूखंड को लेकर निगम प्रशासन ने तय किया है कि क्षेत्र की जनसांख्यिकी और स्थानीय निवासियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर ही डीपीआर तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीनों पर किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
स्ट्रीट वेंडरों और स्थानीय कारोबारियों को मिलेगा व्यवस्थित ठिकाना
योजना के तहत इस बड़े भूखंड पर व्यवस्थित वेंडिंग जोन और व्यावसायिक दुकानें विकसित करने की संभावनाओं का आकलन किया जा रहा है। इससे जहां एक तरफ सड़क किनारे ठेला-खोमचा लगाने वाले स्ट्रीट वेंडरों को एक सुरक्षित और संगठित कार्यस्थल मिलेगा, वहीं दूसरी तरफ आसपास की कॉलोनियों के निवासियों को रोजमर्रा की खरीदारी के लिए आधुनिक बाजार की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा, इस परिसर में जनकल्याणकारी केंद्र और सामुदायिक उपयोग की सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी, ताकि क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर बन सकें।
नदी किनारे बनेगा पाथवे, लगेगी हाई मास्ट लाइट
इस योजना का सबसे खूबसूरत पहलू भूखंड से सटे नदी तट का सौंदर्यीकरण है। नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि नदी के किनारे आकर्षक पैदल पाथवे का निर्माण किया जाए, जिससे स्थानीय लोग सुबह-शाम टहल सकें। जमीन के लैंडफिल, समतलीकरण, पौधरोपण और समग्र लैंडस्केपिंग की भी विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया है। सुरक्षा और रात के समय समुचित उजाले के लिए पूरे परिसर में हाई मास्ट लाइटें लगाई जाएंगी।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी
इस मौके पर वार्ड-46 की स्थानीय पार्षद आरती कुमारी, सहायक नगर आयुक्त, कार्यपालक अभियंता समेत नगर निगम के तमाम तकनीकी अधिकारी मौजूद रहे। पार्षद ने भी स्थानीय नागरिकों की अपेक्षाओं और प्राथमिकताओं से नगर आयुक्त को अवगत कराया। निगम के अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक सर्वे रिपोर्ट मिलते ही प्रोजेक्ट का बजट तय कर काम को धरातल पर उतारा जाएगा।





