चैनपुर: चैनपुर प्रखंड मुख्यालय के चर्च मोड़ स्थित वीर शहीद पीटर टोप्पो की प्रतिमा पर सीआरपीएफ के पदाधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और परिजनों ने माल्यार्पण कर उनका 36वां शहादत दिवस भावपूर्ण तरीके से मनाया।इस अवसर पर, शहीद के परिवार के सदस्यों ने भी बारी-बारी से प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। सीआरपीएफ 158 बटालियन के इंस्पेक्टर राम नरेश ने शहीद पीटर टोप्पो के अदम्य साहस और बलिदान को याद किया। उन्होंने बताया कि हवलदार पीटर टोप्पो सीआरपीएफ बटालियन, पंजाब में तैनात थे।29 जून 1989 को, आतंकवादियों द्वारा की गई गोलीबारी में देश सेवा के कर्तव्य का पालन करते हुए वे वीरगति को प्राप्त हुए थे। यह घटना तब हुई जब उनकी बटालियन आतंकवादी गतिविधियों के मद्देनजर नाकाबंदी में लगी थी और हवलदार टोप्पो ने एक संदिग्ध गाड़ी को रोकने का प्रयास किया था।शहीद के सम्मान में, सीआरपीएफ 158 बटालियन, लोहरदगा ने उनके पुत्र अंजलुस टोप्पो और पुत्री दिव्या टोप्पो को अंगवस्त्र, कैंटीन कार्ड और मेडिकल सुविधा प्रदान कर सम्मानित किया।इस कार्यक्रम में चैनपुर थाना प्रभारी कुंदन चौधरी, जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा, चैनपुर मुखिया शोभा देवी सहित सीआरपीएफ के जवान और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।सीआरपीएफ जवानों ने उपस्थित लोगों को देश सेवा के लिए प्रेरित किया और देश की सुरक्षा में आगे आने का आह्वान किया। जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा ने भी शहीद पीटर टोप्पो के बलिदान को याद किया और उनकी वीरता को सलाम किया।



