फॉण्ट कनवर्टर NEW

पहले नाव, फिर ट्रैक्टर! बाढ़ से तबाही का जायजा लेने पहुंचे शिवराज और सम्राट

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और सीएम सम्राट चौधरी ने वैशाली के तेरसिया दियारा में नाव और ट्रैक्टर पर सवार होकर बाढ़ और फसल क्षति का जायजा लिया।
बाढ़ से तबाही का जायजा लेने पहुंचे

अपनी भाषा में पढ़ें

पहले नाव, फिर ट्रैक्टर!

Vaishali: बिहार के वैशाली जिले के बाढ़ प्रभावित राघोपुर इलाके में फसलों और अन्य नुकसान का जायजा लेने बुधवार को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में केंद्रीय टीम पहुंची। इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी उनके साथ मौजूद रहे।

दोनों नेताओं ने तेरसिया दियारा क्षेत्र में बाढ़ से प्रभावित खेतों, फसलों और किसानों की जमीनी स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। केंद्रीय टीम का यह दौरा बिहार में बाढ़ के चलते हुए फसल, मकान और बुनियादी ढांचे के नुकसान का सटीक आकलन करने के सिलसिले में हुआ है। मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति और प्रभावित लोगों को लेकर दोनों नेताओं को विस्तृत जानकारी दी।

पहले नाव, फिर ट्रैक्टर पर सवार होकर पहुंचे खेतों तक

तेरसिया पहुंचने के बाद शिवराज सिंह चौहान और सम्राट चौधरी का काफिला वार्ड संख्या 14 तक गया। दोनों नेताओं ने सबसे पहले नाव के जरिए जलमग्न क्षेत्रों और आसपास के खेतों का मुआयना किया। इस दौरान बाढ़ के पानी से घिरे किसानों और ग्रामीणों की स्थिति को देखा गया। इसके बाद दोनों नेता ट्रैक्टर पर सवार होकर प्रभावित खेतों और जलजमाव वाले सुदूर हिस्सों तक पहुंचे, जहां बाढ़ के कारण फसलें पूरी तरह डूब चुकी हैं।

फसल क्षति का आकलन और राहत कार्यों की समीक्षा

राघोपुर का दियारा क्षेत्र बाढ़ के पानी से गंभीर रूप से प्रभावित है, जिससे तेरसिया सहित आसपास के इलाकों में आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री ने खेतों की स्थिति देखी और स्थानीय किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं व फसल क्षति की जानकारी ली। अधिकारियों ने मौके पर जलस्तर, प्रभावित आबादी, राहत-बचाव कार्यों, नावों की उपलब्धता और कृषि नुकसान से जुड़े आंकड़े दोनों नेताओं के समक्ष रखे।

किसानों को राहत और मुआवजे की उम्मीद

बाढ़ के कारण घरों और खेतों के जलमग्न होने से स्थानीय ग्रामीणों को तत्काल राहत और सहायता की दरकार है। केंद्रीय कृषि मंत्री के इस दौरे के बाद किसानों को अपनी बर्बाद फसलों के उचित मुआवजे और प्रभावित परिवारों को पुनर्वास सहायता मिलने की उम्मीद बंधी है। निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। अब सरकार द्वारा राहत को लेकर उठाए जाने वाले अगले कदमों पर स्थानीय लोगों की निगाहें टिकी हैं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram