फॉण्ट कनवर्टर NEW

सुधा डेयरी कर्मी की संदिग्ध मौत पर बवाल, कंपनी गेट जाम कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू

Gamharia News: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित सुधा डेयरी में कार्यरत कर्मचारी रविंद्र नाथ ठाकुर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। बुधवार सुबह मृतक के परिजन, रिश्तेदार और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग कंपनी के मुख्य

अपनी भाषा में पढ़ें

Gamharia News: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित सुधा डेयरी में कार्यरत कर्मचारी रविंद्र नाथ ठाकुर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। बुधवार सुबह मृतक के परिजन, रिश्तेदार और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग कंपनी के मुख्य प्रवेश द्वार पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने गेट को जाम कर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मृतक के परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई।

मृतक की पत्नी तारा देवी ने कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही और गंभीर साजिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनके पति की तबीयत बिगड़ने के बावजूद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाने के बजाय घर भेज दिया गया। उनका दावा है कि मृतक के शरीर में जहरीले पदार्थ की मौजूदगी की जानकारी सामने आई है, जिससे परिवार को मौत के पीछे साजिश की आशंका है। उनका कहना है कि यह सामान्य मौत नहीं बल्कि सुनियोजित घटना प्रतीत होती है, इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर हत्या का मामला दर्ज किया जाना चाहिए।

धरने पर बैठे परिजनों ने मांग की है कि परिवार के एक सदस्य को कंपनी में स्थायी नौकरी दी जाए, 25 लाख रुपये का मुआवजा प्रदान किया जाए तथा मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। परिजनों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक धरना और कंपनी गेट का घेराव जारी रहेगा।

धरना-प्रदर्शन को आसपास के ग्रामीणों और स्थानीय लोगों का भी व्यापक समर्थन मिल रहा है। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के कारण कंपनी के मुख्य गेट पर आवागमन प्रभावित हो गया है और क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। सूचना मिलने के बाद प्रशासन की नजर पूरे घटनाक्रम पर बनी हुई है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक सुधा डेयरी प्रबंधन की ओर से इस पूरे मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram